गोपीगंज (भदोही)। कोतवाली क्षेत्र के गिराईं गांव के पास शुक्रवार को चौथी कक्षा की छात्रा से ई-रिक्शा चालक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। शोरगुल मचाने पर पहुंचे ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने पाॅक्सो समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया। कोइरौना थानाक्षेत्र के पिंडरा गांव निवासी लाल साहब शुक्ला ई-रिक्शा चलाता है। शुक्रवार को वह गोपीगंज-ज्ञानपुर मार्ग स्थित एक विद्यालय से छुट्टी होने पर दोपहर करीब दो बजे बच्चों को घर छोड़ने निकला था। आरोप है कि अन्य बच्चों को छोड़ने के बाद चौथी कक्षा की एक नौ वर्षीय छात्रा को सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ अश्लील हरकत करने लगा। छात्रा के शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंच गए। चालक को पकड़कर पहले उसकी पिटाई की फिर पुलिस को सौंप दिया। प्रभारी निरीक्षक शैलेश राय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पाॅक्सो और अन्य धाराओं में केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। उल्लेखनीय है कि करीब दो साल पूर्व ज्ञानपुर में ऐसी ही एक घटना हुई थी, जिसमें कोर्ट आरोपी को सजा सुना चुकी है।