लालानगर। क्षेत्र के सरई पठखानी गांव में जय श्रीराम रामलीला कमेटी की तरफ से रामलीला का मंचन किया जा रहा है। रविवार की रात कलाकारों ने लक्ष्मण शक्ति, कुंभकर्ण वध का मंचन किया गया। पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गुंजायमान हो गया। मेघनाद ने लक्ष्मण पर शक्ति प्रहार किए जाने का दृश्य अत्यंत मार्मिक रहा। लक्ष्मण के मूर्छित होने पर भगवान श्रीराम की व्याकुलता और भ्रातृ प्रेम के भावपूर्ण प्रसंग ने दर्शकों को भावुक कर दिया। इसके बाद हनुमान जी संजीवनी बूटी लाए, जिससे लक्ष्मण का मुर्छा खुला। इसके उपरांत कुंभकर्ण वध का मंचन किया गया। रामलीला के माध्यम से कलाकारों ने भ्रातृ प्रेम, त्याग, समर्पण, भक्ति और धर्म की महत्ता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।