ज्ञानपुर। प्रदेश सरकार एक बार फिर अंत्योदय कार्ड धारकों को तीन माह की चीनी नवंबर के प्रथम सप्ताह में कोटे की दुकानों से वितरित कराने की तैयारी में है। वितरण के समय सभी कोटे की दुकानों पर नोडल तैनात रहेंगे। मिलने वाली चीनी को दीपावली त्योहार पर गरीबों को बड़ी राहत मानी जा रही है । आपूर्ति निरीक्षक दिनेश कुमार यादव ने बताया कि जिले में कुल अंत्योदय कार्डधारकों की संख्या 38,264 है। इन्हें अक्तूबर, नवंबर और दिसंबर माह की चीनी नवंबर के प्रथम चरण में वितरित होने वाले प्रधानमंत्री नि:शुल्क अन्न योजना के साथ दिया जाएगा। 18 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से प्रति कार्ड एक किलोग्राम का लाभ मिलेगा। पूर्व में जुलाई से अगस्त तक की चीनी जुलाई में वितरित कराई जा चुकी है। प्रति क्विंटल चीनी वितरित करने पर कोटेदारों को 70 रुपये का लाभांश प्राप्त होगा। जहां डोर स्टेप डिलीवरी लागू नहीं है वहां चीनी वितरण कराने के लिए राशन की तरह 10 किमी तक अधिकतम 15 रुपये, 11 किमी से अधिक दूरी पर 18 रुपये प्रति क्विंटर परिवहन व्यय मिलेगा। चीनी वितरण में पोर्टेबिलिटी की सुविधा नहीं होगी।