पुलिस और क्राइम ब्रांच ने बुधवार की रात अंतरजनपदीय लुटेरा गिरोह के पांच सदस्यों को रघुरामपुर तिराहे से दबोच लिया। उनके पास से दो तमंचे, तीन मोटरसाइकिल और 15 हजार रुपये बरामद हुए। आरोपी इलाहाबाद और मिर्जापुर में भी लूटपाट और चोरी की वारदात अंजाम दे चुके हैं। एसपी ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।
ऊंज थानाध्यक्ष विनोद कुमार दुबे की अगुवाई में पुलिस ने रघुरामपुर तिराहे पर बुधवार की रात पांच लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी सुरियावां के एक व्यापारी को लूटने के चक्कर में थे। आरोपियों की पहचान दुर्गागंज थानाक्षेत्र के हरदुआ निवासी प्रमोद सिंह, सुरियावां थानाक्षेत्र के मधुकर कुसौठा निवासी नीलेश दुबे, छिगतेपुर निवासी इमरान पठान, सुरियावां के वार्ड छह निवासी इमरान और जौनपुर के चंदवक के पटइल निवासी अंबरीश शामिल हैं। इनके पास से लूट की एक बाइक, चोरी के पैसे से खरीदी गई दो बाइक, 315 बोर के दो तमंचे, दो मोबाइल फोन और 15 हजार रुपये बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने बताया है कि वे व्यापारियों और सेल्समैन की रेकी कर लूटपाट करते थे। दो फरवरी को इलाहाबाद के हंडिया थानाक्षेत्र में सेल्समैन से 85 हजार नकदी, मोबाइल और बाइक की लूट में वे शामिल थे। 15 फरवरी को भदोही में स्टेशन रोड पर राकेश सिंह की शराब की दूकान में घुसकर 40 हजार रुपये की चोरी और चार फरवरी को मिर्जापुर के चील्ह थानाक्षेत्र के तिल्ठी गांव से बोलरो की चोरी में भी शामिल रहे हैं।