ज्ञानपुर। जिले के 38 हजार 264 अंत्योदय कार्डधारकों के लिए राहतभरी खबर है। आपूर्ति विभाग को 11 लाख 47 हजार 92 मीट्रिक टन चीनी का आवंटन मिला है। 21 अक्तूबर से प्रति कार्ड तीन किलो चीनी का वितरण 18 रुपए की दर से किया जाएगा। इसके लिए पर्यवेक्षणीय अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। जिले में पात्र गृहस्थी और अंत्योदय कार्डधारकों को हर महीने गेहूं और चावल मिलता है। लॉकडाउन में कार्डधारकों को अतिरिक्त राशन मिल रहा है। करीब डेढ़- दो साल से चीनी नहीं आ रही थी। अब त्यौहारी सीजन शुरू होने से पूर्व वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के दौर में केंद्र सरकार ने एक बार फिर अंत्योदय परिवारों की सुधि लेकर चीनी वितरित कराने का निर्णय ले लिया। गत माह ही कार्डधारकों की संख्या के आधार पर आवंटन का लक्ष्य निर्धारित कर विभाग ने शासन को भेजा था, जिसका आवंटन मिलने पर वितरण की तिथि और बिक्री दर सुनिश्चित कर दी गई। डीएसओ सीमा सिंह ने कहा कि शासन स्तर से अंत्योदय कार्डधारकों को सितंबर, अक्तूबर और नवंबर माह तक प्रति कार्ड एक किलोग्राम चीनी देने का प्राविधान तय हुआ है। तीनों महीने की चीनी 21 से 30 अक्तूबर के मध्य आवंटित की जाएगी। अंत्योदय कार्डधारकों में प्रति कार्ड तीन किलोग्राम चीनी का वितरण 18 रुपए की दर से कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि चीनी का आवंटन होने से अंत्योदय कार्डधारकों को काफी सहूलियत मिलेगी। वितरण को पारदर्शी बनाने के लिए पर्यवेक्षणीय अधिकारियों को नामित किया गया है। उनकी मौजूदगी में ही चीनी का वितरण होगा। अंत्योदय कार्डधारकों के चीनी वितरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कहीं से शिकायत मिलने पर कोटेदार पर कार्रवाई तय होगी। अगर पर्यवेक्षणीय अधिकारी खानापूर्ति करेंगे तो जिलाधिकारी को पत्र लिखा जाएगा।