औराई ब्लॉक के कंसापुर गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पहले पात्र घोषित किए गए 66 लोगों में से 16 को अपात्र करने का आरोप लगा है। ग्राम प्रधान एवं प्रशासक शिवशंकर ने इस संबंध में आईजीआरएस के माध्यम से मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी से शिकायत की है। शिवशंकर ने बताया कि पूर्व ग्राम विकास अधिकारी रमेश सिंह और संजय दूबे ने वनवासी बस्ती के 66 लोगों को पात्र घोषित किया था। आरोप है कि अब इनमें से कई लोगों को अपात्र कर दिया गया है। वहीं, ग्राम विकास अधिकारी अशोक सिंह ने कहा कि आवास योजना की गाइडलाइन के अनुसार लाभार्थियों का चयन किया जा रहा है। प्रत्येक लाभार्थी के घर जाकर जांच की जा रही है। गलत तरीके से पात्रों के चयन की जवाबदेही उनकी होगी।