दोहरीघाट थाना क्षेत्र के चुम्मानार गांव में भारतीय स्टेट बैंक अमिला के शाखा प्रबंधक जितेंद्र कुमार की कार रोककर हमला करने का मामला सामने आया है। घटना के दौरान कार में मौजूद उनकी पत्नी और बच्चों के साथ भी अभद्रता की गई। घटना बीते 21 अक्तूबर की रात की है। उन्होंने शुक्रवार को दोहरीघाट थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में उन्होंने बताया कि 21 अक्तूबर को ड्यूटी समाप्त करने के बाद रात करीब 10 बजे वह कार से अपने परिवार को लेकर मऊ जा रहे थे। गांव के बाहर प्राथमिक विद्यालय चुम्मानार के पास पहुंचे थे कि, बाइक सवार दो युवक उनकी कार के सामने आ गए और रास्ता रोक लिया। गाली देते हुए कार के पास पहुंचे और उन्हें बाहर खींचने का प्रयास किया। उन्होंने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। घोसी सीओ सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि मामले की जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी।