ज्ञानपुर। जिले में एक सप्ताह तक होने वाली प्रायोगिक परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। शुक्रवार से 107 केंद्रों पर सीसीटीवी की निगरानी में प्रायोगिक परीक्षा शुरू होगी। इसमें इंटरमीडिएट के 18 हजार छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। जीआईसी में कंट्रोल रूम से निगरानी के साथ ही 21 सेक्टर मजिस्ट्रेट की भी ड्यूटी लगाई गई है।
22 फरवरी से शुरू हो रही बोर्ड परीक्षा से पूर्व माध्यमिक शिक्षा परिषद इंटरमीडिएट की प्रायोगिक परीक्षा करा रही है। दूसरे चरण में दो से नौ फरवरी तक जिले के 107 केंद्रों पर परीक्षा होनी है। जिला विद्यालय निरीक्षक विकायल भारती ने संबंधित स्कूलों के प्रबंधकों को सुचितापूर्ण परीक्षा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि सात दिनों तक चलने वाली प्रायोगिक परीक्षा कॉलेज प्रबंधतंत्र अलग-अलग तिथियों पर कराएगा। इसमें इंटरमीडिएट के करीब 18 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल होंगी।
भौतिक, रसायन, जीवन विज्ञान, भूगाल आदि विषय की प्रायोगिक परीक्षा के लिए नामित आब्जर्वर सीधे केंद्रों पर आएंगे। 107 केंद्रों पर होने वाली परीक्षा के लिए 21 सेक्टर मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रायोगिक परीक्षा की तैयारी पूर्ण कर ली गई है। सभी प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों को निर्देश दिया गया है कि प्रायोगिक परीक्षा सीसीटीवी के निगरानी में होगी। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।