ज्ञानपुर। जिले में विधानसभा चुनाव अंतिम चरण में सात मार्च को होना है। इसके लिए प्रशासनिक तैयारी अंतिम दौर में है। 10 फरवरी से तीनों सीटों पर नामांकन प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी, लेकिन अभी तक सभी दलों के उम्मीदवार चुनावी मैदान में नहीं आए हैं। जिले की सबसे ज्यादा चर्चित सीट ज्ञानपुर पर सबकी निगाहें लगी हैं, क्योंकि यहां से अभी केवल बसपा ने ही उम्मीदवार उतारा है। वहीं कांग्रेस से जिले की तीनों सीटों और सपा ने औराई सीट पर भी उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। ऐसे में संभावित दावेदारों की धड़कनें तेज हैं। जिले की तीन विधानसभा सीटों में से भदोही सीट से भाजपा ने मौजूदा विधायक रवींद्र नाथ त्रिपाठी, सपा ने पूर्व विधायक जाहिद बेग और बसपा ने दादा चौहान को मैदान में उतारा है। यहां अभी कांग्रेस ने किसी को टिकट नहीं दिया है। इसी तरह औराई सीट से भाजपा ने मौजूदा विधायक दीनानाथ भास्कर, बसपा ने वंशीधर सरोज को उम्मीदवार बनाया है। सपा का कोई प्रत्याशी अभी तक मैदान में नहीं आया है। ज्ञानपुर सीट से बसपा ने उपेंद्र सिंह को मैदान में उतारा है। सपा, भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों को लेकर अटकलें तेज हैं। राजनीतिक पंडितों की मानें तो इस महत्वपूर्ण सीट पर सभी प्रमुख दल एक दूसरे की चाल को देख रहे हैं। इस चाल में देखना होगा कि कौन पहले उम्मीदवार उतारता है। वहीं मौजूदा विधायक विजय मिश्रा आगरा जेल में हैं, ऐसे में उनको लेकर भी अलग-अलग चर्चाएं हैं। कहीं उनको जेल से ही चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं तो कहीं उनके परिवार से किसी और के मैदान में आने की संभावना जतायी जा रही है।