मौसम विभाग लखनऊ ने जिले में 31 अगस्त तक बिजली गिरने की संभावना को लेकर अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है। आपदा विशेषज्ञ अशोक राय ने बताया कि बिजली से बचाव और इसकी जानकारी के लिए लोग दामिनी एप का प्रयोग करें। वहीं अन्य आपदाओं से संबंधित चेतावनी और अलर्ट की जानकारी के लिए सचेत एप का इस्तेमाल किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से इन अलर्ट को अधिक से अधिक लोगों और समूहों तक पहुंचाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि बारिश के दौरान पेड़ के नीचे खड़े होने, खुले मैदान में रहने और बिजली के खंभों के पास जाने से बचना चाहिए। मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थान पर रहें। आपदा विशेषज्ञ ने बताया कि आपात स्थिति में 112, 1077 या 1070 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। लोगों से मौसम विभाग के अलर्ट को गंभीरता से लेते हुए सतर्क रहने की अपील की गई है।