कस्बा स्थित नरौली गंगा रोड पर एक क्लीनिक के बाहर शुक्रवार को महिला का शव रखकर परिजनों ने हंगामा किया। डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामला शांत कराया। क्षेत्र के नरौली गांव निवासी हृदय यादव ने बताया कि पत्नी गुजराती देवी (46) के पथरी का ऑपरेशन 26 सितंबर को एक निजी क्लीनिक में हुआ था। ऑपरेशन के कुछ दिनों बाद गुजराती की स्थिति बिगड़ने लगी। इसके बाद उसे वाराणसी स्थित एक निजी अस्पताल में ले गया। वहीं लगभग दो सप्ताह से उसका इलाज चल रहा था लेकिन शुक्रवार की भोर में उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पति ने क्लीनिक में ऑपरेशन के दौरान डॉक्टर पर गलती से नस काटने का आरोप लगाया। गुजराती का शव लेकर परिजन शुक्रवार को क्लीनिक पर पहुंचे और डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर करने लगे। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणीलाल सेन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने गांव के संभ्रांत लोगों की सहायता से दोनों पक्षों में समझौता कराकर मामला शांत कराया। प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष से तहरीर प्राप्त नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।