गोपीगंज। औराई कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक और युवती घर से भाग गए थे। पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। घर वालों को बुलाकर पंचायत कराकर शादी करा दी। दोनों परिवारों की मौजूदगी में गोपीगंज के बाबा बड़े शिव धाम में प्रेमी युगल का विवाह कराया गया। औराई थाना क्षेत्र के नरऊर खेतलपुर निवासी युवक का एक युवती से प्रेम हो गया। युवक बृहस्पतिवार की रात प्रेमिका को लेकर घर से गायब हो गया। देर रात गोपीगंज के खड़हट्टी मोहाल में पुलिस ने उनको पकड़ लिया। उनके परिजनों को सूचना दी गई। शुक्रवार को दोनों पक्ष के लोग पुलिस चौकी पहुंच गए। जहां काफी देर तक चली पंचायत के बाद दोनों पक्षों के लोगों ने शादी विवाह की सहमति दे दी। इसके बाद बड़े शिव मंदिर के प्रांगण में युवक-युवती सात फेरे लिए।