भदोही। भदोही बार एसोसिएशन भदोही तहसील के अधिवक्ताओं ने तहसील में मुंसफ कोर्ट की स्थापना के लिए बृहस्पतिवार से बेमियादी धरना शुरू कर दिया। अधिवक्ताओं का आरोप है कि मौजूदा तहसील में इसके लिए पर्याप्त भूमि होते हुए भी तहसीलदार और उपजिलाधिकारी इस पर कोई पहल नहीं कर रहे हैं। न्यायिक कार्य से विरत रहकर अधिवक्ताओं ने एसडीएम कोर्ट के सामने धरना दिया और नारेबाजी की। धरनारत अधिवक्ताओं ने कहा कि भदोही तहसील बार के सदस्य काफी समय से यहां मुंसफ कोर्ट की स्थापना की मांग कर रहे हैं। जिला जज ने जमीन अथवा भवन उपलब्धता के बारे में जानकारी भी मांगी है। बार के अध्यक्ष मोतीलाल ने कहा कि भदोही तहसील काफी बड़ा है। यहां पर जमीन और भवन खाली पड़े हैं। लेकिन, इसके बाद भी तहसीलदार और उपजिलाधिकारी जिला जज को रिपोर्ट प्रेषित नहीं कर रहे हैं। कहा कि जब तक हमारी मांगें नहीं पूरी होंगी और भदोही तहसील से जिला जज को रिपोर्ट नहीं भेजी जाती, तब तक हम न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे और धरना देते रहेंगे। आंदोलन का संचालन महामंत्री अमित पांडेय ने किया। धरना में अशोक दूबे, गंगाराम यादव, आशीष दूबे, लालधर पांडेय, सूर्य प्रसाद द्विवेदी, सियाराम यादव, शोभनाथ यादव आदि शामिल रहे।