गोपीगंज/ज्ञानपुर। मानकों को दरकिनार कर संचालित किए जा रहे डायग्नोस्टिक सेंटरों पर अब प्रशासन ने कार्रवाई करनी शुरू कर दी है। गोपनीय स्तर पर की गई जांच के आधार पर बुधवार को अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार मिश्रा ने ज्ञानपुर और गोपीगंज के दो अलग-अलग डाग्नोस्टिक सेंटरों में छापा मारा। इस दौरान टेक्नीशियन के न होने और अन्य खामियों के मिलने पर दोनों सेंटरों को सील करा दिया गया। अपर जिलाधिकारी द्वारा की गई इस कार्रवाई से अन्य डाग्यनोस्टिक सेंटर संचालकों में हड़कंप की स्थिति रही। अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार मिश्रा ने गोपीगंज बस स्टैंड स्थित शिवा डायग्नोस्टिक सेंटर की जांच की। करीब आधे घंटे तक चली जांच के बाद उन्होंने सील कराया। एडीएम शैलेंद्र मिश्रा ने बताया जिलाधिकारी के पास किसी के द्वारा गोपनीय शिकायत की गई थी। इसमें दो डायग्नोस्टिक सेंटर जनहित डायग्नोस्टिक सेंटर पुरानी तहसील के पास ज्ञानपुर तथा शिवा डायग्नोस्टिक सेंटर गोपीगंज की शिकायत की गई थी। शिकायत के क्रम में जांच की गई। इस दौरान दोनों सेंटरों पर न ही कोई टेक्नीशियन मिला न ही चिकित्सक और टेक्निकल हैड व्यक्ति पाया गया। दोनों डायग्नोस्टिक सेंटर को सील करके अभिलेखों की जांच पड़ताल की जा रही है। गलत पाए जाने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। एडीएम के निर्देश पर लेखपाल बेलाल अहमद दोनो सेंटरों को सील कर दिया।