ज्ञानपुर। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के पदाधिकारियों ने बुधवार को एसपी रामबदन सिंह को ज्ञापन सौंपकर फर्जी मुकदमे को वापस करने की मांग की।
परिषद के अध्यक्ष धर्मराज यादव, जिला मंत्री रूपेश श्रीवास्तव ने आरोप लगाया है कि पुलिस जिला पंचायत के वार्ड नंबर 11 से चुनाव लड़े एक प्रत्याशी के प्रभाव में आकर सहायक विकास अधिकारी प्रदीप बिंद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उत्पीड़न कर रही है। जबकि प्रदीप उस दिन उच्चाधिकारियों के साथ चुनाव ड्यूटी में लगे थे। इसका प्रमाण भी सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट लिखित रुप से दिया है। बताया कि मतदान के दो दिन पूर्व सुरियावां पुलिस महिला प्रत्याशी अनीता देवी के मामले में सुर्खियों में आई थी। उन्होंने प्रदीप के मामले में निष्पक्ष जांच करने, प्रभारी निरीक्षक को निलंबित करने, सीओ स्तर पर विवेचना कराने की मांग की। चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रदीप सुमन, गणेश राय, संतोष गौतम, संजय मौर्य, अखिलेश बिंद, सिकंदर, गुरुदयाल गुप्ता, धर्मेंद्र पाल, रामाश्रय यादव,मनोज मौर्य, हर्षवर्धन बिंद आदि शामिल थे।