बिना स्थलीय निरीक्षण किए गलत रिपोर्ट लगाने वाले भदोही तहसील के छनौरा गांव के लेखपाल राकेश तिवारी को बुधवार को एसडीएम भान सिंह ने निलंबित कर दिया। शिकायत के बाद तहसीलदार से प्रकरण की जांच के बार मिली आख्या रिपोर्ट के बाद एसडीएम ने यह कार्रवाई की। भ
दोही तहसीलदार ने एसडीएम को सौंपी गई अपनी आख्या रिपोर्ट में बताया था कि छनौरा लेखपाल राकेश तिवारी द्वारा लोगों की शिकायत पर बिना स्थलीय निरीक्षण और जांच किए ही सरसरी तौर पर गलत रिपोर्ट लगा दी जाती है। यहां तक कि तालाब भूमि अतिक्रमण जैसे संवेदनशील मामलों में भी बिना स्थलीय निरीक्षण किए ही लापरवाही और शिथिलता बरतते हुए गलत रिपोर्ट लगा दी गई।
आख्या रिपोर्ट के आधार पर एसडीएम ने पाया कि जानबूझकर अवैध अतिक्रमणकर्ताओं को व्यक्तिगत लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से यह कार्य किया गया है। यहां तक की उच्चाधिकारियों द्वारा मोबाइल पर संपर्क करने पर लेखपाल का मोबाइल स्विच ऑफ मिलता है। यह घोर अनुशासनहीनता की श्रेणी में आएगा। इसे देखते हुए लेखपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।