भदोही के भूमि अध्याप्ति कार्यालय का निरीक्षण करते डीएम राजेंद्र प्रसाद दाएं।
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। भदोही नगर स्थित भूमि अध्याप्ति विभाग का मंगलवार को जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दो कर्मचारी अनुपस्थित मिले। दोनों के वेतन भुगतान पर रोक लगा दी गई। साथ ही एक सप्ताह में स्पष्टीकरण देने को कहा गया है।अनलॉक की प्रक्रिया शुरू होने के बाद भी सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों से कोरोना काल की खुमारी नहीं उतर सकी है। यही वजह है कि सरकारी दफ्तरों में कामकाज अब तक पटरी पर नहीं आ पाया है। कर्मचारियों को राइट टाइम करने के लिए अधिकारी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं, लेकिन सुुधार होता नहीं दिख रहा। जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद मंगलवार को सुबह 10 बजे विशेष भूमि अध्याप्ति कार्यालय पहुंचे। कार्यालय में पटलवार उपस्थिति की जानकारी ली तो रंजना पटेल, अजय कुमार गौतम अनुपस्थित मिले। उन्होंने अनुपस्थित कर्मचारियों के वेतन भुगतान पर रोक लगाने का निर्देश दिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी कार्यालय के निरीक्षण में सभी उपसिथत मिले। डीएम ने विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया कि प्रतिदिन सुबह 10 बजे कर्मचारियों की उपस्थिति चेक की जाए। जो विलंबित हो, उसका वेतन रोका जाए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।