ज्ञानपुर। फर्जी वोटिंग रोकने के लिए आयोग के निर्देश पर मतदाता पहचान पत्र को आधार से जोड़ा जा रहा है। जिले में एक अगस्त से शुरू हुआ अभियान रफ्तार नहीं पकड़ सका। करीब महीने भर होने को है, लेकिन अब तक मात्र 17.44 फीसदी मतदाता ही आधार से लिंक हो सके। प्रशासन का विशेष शिविर में खास सफलता न मिलने पर अब डोर टू डोर बीएलओ पहुंच कर आधार एकत्रित करेंगे।
जिले की तीनों विधानसभाओं में करीब 11 लाख 96 हजार मतदाता हैं। लोकसभा, विधानसभा संग अन्य चुनाव में मतदाता वोटर आई कार्ड में बदलाव कर कई स्थानों पर मतदान करते हैं। जिसको रोकने के लिए मुख्य निर्वाचन आयोग ने मतदाता पहचान पत्र को आधार कार्ड से जोड़ने का निर्देश दिया है। जिले में एक अगस्त से विशेष शिविर के माध्यम से मतदाताओं से स्वैच्छिक आधार एकत्रित किया जा रहा है, लेकिन अभियान रफ्तार नहीं पकड़ रहा है। अधिकतर बूथों पर पूरे दिन सन्नाटा पसरा रहता है। करीब एक महीने में कुल 11 लाख 96 हजार मतदाताओं में मात्र दो लाख आठ हजार 816 ने आधार बीएलओ को दिया। साढ़े नौ लाख से अधिक मतदाता पहचान पत्र आधार कार्ड से लिंक नहीं हो सके। निर्वाचन विभाग के आंकड़ों पर गौर करें तो भदोही में चार लाख 28 हजार 912 मतदाताओं में 91 हजार 266, ज्ञानपुर में तीन लाख 90 हजार 531 में 60 हजार और औराई में तीन लाख 77 हजार 409 वोटरों में 56 हजार 546 मतदाताओं का आधार लिंक हो सका। एडीएम शैलेंद्र मिश्र ने कहा कि निर्वाचन कार्ड से आधार लिंक शत-प्रतिशत कराया जाएगा। विशेष शिविर के साथ ही बीएलओ घर-घर जाकर आधार प्राप्त करेंगे।
ऑनलाइन भी करा सकते हैं रजिस्ट्रेशन
ज्ञानपुर। आधार और वोटर आईडी को लिंक करने के लिए आपको सबसे पहले खुद का रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इसके लिए आपको एनवीएसपी पोर्टल पर जाना होगा। आप इस डायरेक्ट लिंक पर क्लिक करके भी रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। यहां आपको सबसे पहले न्यू यूजर ऑप्शन पर क्लिक करना होगा, इसके बाद मोबाइल नंबर और कोड भरना होगा। ऐसा करते ही आपके मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी यानी वन टाइम पासवर्ड आएगा। जिसे दर्ज करते ही एक नया पेज खुल जाएगा। जिसमें आपको अपनी पर्सनल डिटेल्स भरकर सबमिट करना होगा। इससे रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। आपका वोटर आईडी आधार से लिंक हुआ है या नहीं इसका स्टेटस चेक करने के लिए आप एकनॉलेजमेंट नंबर का उपयोग कर सकते हैं। ये नंबर सारी जानकारी सबमिट होने के बाद ऑटोमैटिक जनरेट होगा।