जौनपुर। ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से हुई लूट की घटना का सिकरारा पुलिस ने रविवार को खुलासा किया। पुलिस ने मामले में बभनौली गांव निवासी अभिषेक शुक्ला को सुरतासापुर नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष तेजबहादुर सिंह ने बताया कि आरोपी के पास से 15 हजार रुपये नकद, यूनियन बैंक की दो चेकबुक, पीएनबी की एक पासबुक, कैश रजिस्टर, परिचय पत्र और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई है। स्कूटी पहले ही लावारिस हालत में बरामद हो चुकी थी। पुलिस ने बताया कि देवपुर (धोवहां) गांव निवासी मनमोहन सिंह आठ अक्तूबर को शेरवां स्थित ग्राहक सेवा केंद्र बंद करके घर लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाश उनकी स्कूटी और उसकी डिग्गी में रखे रुपये, बैंक की चेकबुक, पासबुक, परिचय पत्र और कैश वितरण रजिस्टर लूटकर भाग गए थे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सिकरारा थाने में पहले से भी दो मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।