जंघई-वाराणसी रेलखंड के सुरियावां रेलवे स्टेशन की मुख्य लाइन पर शुक्रवार की शाम एक अधेड़ ने मालगाड़ी के आगे कूदकर जान दे दी। घटना की जानकारी होते ही स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची आरपीएफ जंघई की टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक सुरियावां रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार की शाम एक 48 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति पहुंचा। काफी देर तक वह प्लेटफार्म नंबर दो पर टहलता रहा। शाम को लगभग पांच बजकर 50 मिनट पर भदोही से प्रतापगढ़ की तरफ जा रही मालगाड़ी के आगे अचानक अधेड़ ने छलांग लगा दी। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक उसके चिथड़े उड़ चुके थे। अधेड़ द्वारा आत्महत्या किए जाने के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी की स्थिति व्याप्त हो गई। इसकी सूचना तत्काल आरपीएफ जंघई को दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची आरपीएफ की टीम शव को कब्जे में लेकर काफी देर तक शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी रही। अधेड़ कौन था, कहां से आया था। उसने यह कदम क्यों उठाया। इसकी जानकारी किसी को नहीं हो सकी। आरपीएफ जंघई ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।