जनपद से आठ हजयात्रियों का जत्था भदोही से लखनऊ के लिए रवाना हुए हैं। भारी संख्या में लोगों ने उनके घर पहुंच कर उन्हें रुख्सति दी। इस दौरान भेंट करने वालों का तांता लगा रहा। भेंट करने वाले उनसे अल्लाह की बारगाह में सबके लिए रोजी-रोजगार और अच्छे स्वास्थ्य के लिए दुआ करने का आग्रह कर रहे थे। दुलमदासपुर से जाकिर हुसैन अंसारी, फैय्याज अहमद, नसीम अंसारी सपत्नीक रवाना हुए। वहीं घोसिया से खलील अहमद अपनी पत्नी के साथ लखनऊ रवाना हुए। आठ लोगों के जत्थे की उड़ान सोमवार की आधी रात के बाद जेद्दाह के लिए उड़ान भरेगी। हज के सभी अरकान बकरीद पर्व के इर्द-गिर्द होते हैं। वहीं पर कुरबानी भी की जाती है। त्योहार के बाद लोगों के लौटने का सिलसिला शुरू हो जाता है। खुद्दामे हज समिति के महासचिव शोएब आलम नदवी ने बताया कि इस वर्ष जनपद से 70 हजयात्री हज कमेटी के माध्यम से तथा 10 जायरीन टूर आपरेटरों के माध्यम से जाएंगे। बताया कि मंगलवार को भी 15 जायरीन लखनऊ से जेद्दाह की उड़ान भरेंगे। बताया कि इस वर्ष राज्य हज कमेटी ने स्टेट हज इंस्पेक्टर (एसएचआई) के रूप में भदोही के वलीउल्लाह खान को सऊदी अरब भेजा है जो वहां पहुंच चुके हैं। वे प्रदेश के हजयात्रियों की सेवा में रहेंगे। रवाना हो रहे जायरीनों की वापसी पहली जून से शुरू हो जाएगी।