ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर एस्केलेटर से गिरकर घायल महिला का हो रहा उपचार। संवाद
गोपीगंज। पूर्वाेत्तर रेलवे के ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को आरपीएफ ने सराहनीय काम किया। प्रयागराज स्टेशन पर स्वचालित सीढ़ी से गिरकर घायल जार्ज टाउन मालवीय रोड निवासी दपंती को ज्ञानपुर रोड स्टेशन पर उतारकर प्राथमिक उपचार कराया। उसके बाद परिजनों को बुलाकर घर भिजवाया। दोनों ने आगे की यात्रा को निरस्त कर दिया। प्रयागराज के जार्जटाउन निवासी 52 वर्षीय डेजी श्रीवास्तव पति राजीव श्रीवास्तव के साथ प्रयागराज रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को दानापुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस पकड़ने के लिए पहुंचे। स्वचालित सीढ़ी पर चढ़ते समय राजीव श्रीवास्तव का संतुलन बिगड़ गया और वे गिरने लगे। पति को बचाने के प्रयास में डेजी श्रीवास्तव भी गिर गई। दोनों लोग घायल हो गए। दोनों एसी कोच ए-1 की सीट संख्या 47 और 48 पर बैठ गए। ट्रेन ज्ञानपुर रोड स्टेशन पहुंची तो दर्द बढ़ने के कारण दोनों की स्थिति बिगड़ने लगी। उन्होंने आगे की यात्रा रद करके ट्रेन से उतरने का निर्णय लिया। ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ कांस्टेबल विनय पांडेय और लवकुश ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार कराया।