ज्ञानपुर। जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नगर निकायों के कार्यों, हैंडपंप के कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। इसमें डीएम ने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के हैंडपंपों का रिबोर प्राथमिकता से कराएं। चेतावनी दी कि स्वच्छता मिशन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर एडीएम राम सिंह वर्मा आदि रहे। इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी हरिशंकर सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन परिसर में विधायक निधि की समीक्षा बैठक हुई। सीडीओ ने प्रबंधक संकट मोचन बालिका इंटर कॉलेज, डीआर पाल इंटर कॉलेज, सरस्वती ज्ञान मंदिर असनाव, ज्योति बाल विद्या मंदिर, इंदर प्रसाद स्कूल अकेलवा को काम में तेजी लाने का निर्देश दिया। कहा कि जिनके प्रथम किश्त का प्रयोग किया गया है, उसके फोटोग्राफ डीआरडीए कार्यालय में प्रस्तुत करें।