गोपीगंज। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर बाबा बड़े शिव धाम और हनुमान गढ़ी मंदिर में मंगलवार को भगवान शिव की चारों पहर की महाआरती विधि विधान से उतारी गई। रात्रि आठ बजे से प्रथम महा आरती आरंभ हुई और अंतिम महा आरती भोर में चार बजे संपन्न हुई। इस दौरान देवाधिदेव महादेव का विशेष श्रृंगार किया गया। शिवरात्रि के मौके पर रंग बिरंगे सुगंधित पुष्पों से भव्य शृंगार के उपरांत नैवेद्य अर्पित कर शिव स्तुति के साथ बाबा की आरती उतारी गई। प्रमुख समाज सेवी आसाराम गुप्त के सौजन्य से महाप्रसाद का वितरण कराया गया। इसी क्रम में बीते 51 वर्षों के बाद महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर आए अद्भुत संयोग के बीच शिव परिवार ने बाबा बड़ेशिव का रुद्राभिषेक किया। रात्रि जागरण कर ब्रह्म मुहूर्त में रुद्राभिषेक शुरू किया, जो सुबह तक चलता रहा। इसी बीच मंगला आरती भी संपन्न हुई। दूध-दही, घी, शहद, पंचामृत और अनेक फलों के रस से बाबा का रुद्राभिषेक किया गया। इसके बाद दीपक जलाकर महाआरती की गई। इस दौरान प्रमुख रूप से घनश्याम जायसवाल, दीपक मोदनवाल, कोमल मोदनवाल, संतोष मोदनवाल, राजू यादव, दिलीप, संदीप गुप्ता सभासद, संजय जयसवाल, रत्नेश मोदनवाल, राजेश पंडा, शिवदत्त पाठक, सुरेंद्र विश्वकर्मा, सुरेश हलवाई सहित अनेक शिवभक्त उपस्थित रहे।