ज्ञानपुर (भदोही)। शहरी गरीबों को नि:शुल्क कनेक्शन देने के अभियान के तहत रविवार को बिजली विभाग की ओर से जिले के सभी नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में शिविर का आयोजन किया गया। ज्ञानपुर डिवीजन में 340 लोगों ने कनेक्शन लिया। अवैध कटियामारी रोकने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहरी गरीबों को नि:शुल्क कनेक्शन देने का वादा किया है। उसी के तहत बिजली विभाग की ओर से ज्ञानपुर डिवीजन के गोपीगंज, घोसिया, खमरिया, ज्ञानपुर में शिविर लगाया गया। ज्ञानपुर में मुख्य अतिथि एमएलसी रामलली मिश्र की मौजूदगी में 86 लोगों ने कनेक्शन लिया। गोपीगंज में सांसद वीरेंद्र सिंह की मौजूदगी में 120, घोसिया और खमरिया में विधायक दीनानाथ भास्कर की देखरेख में क्रमश: 92 और 42 लोगों ने नि:शुल्क कनेक्शन लिया। प्रभारी एक्सईएन राम कुमार ने कहा कि शासन के निर्देश पर गरीबों को कनेक्शन दिया जा रहा है।