वहिदानगर। गोधना स्थित हनुमान मंदिर पर शुक्रवार को ग्रामीणों की बैठक में जंगीगंज स्टेशन पर कामायानी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की गई। सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य भानुप्रताप सिंह ने कहा कि गत सप्ताह भदोही वाया जंघई रूट से हटाकर कामायनी एक्सप्रेस का संचालन पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन मडुआडीह-इलाहाबाद सिटी रेल खंड पर शुरू किया। ट्रेन का क्षेत्रीय लोगों को कोई फायदा नहीं हो रहा है। वाराणसी से चलकर लोकमान्य तिलक-मुंबई जाने वाले उक्त ट्रेन का ठहराव ज्ञानपुररोड स्टेशन की अपेक्षा अन्य छोटे स्टेशनों पर दी जाए तो यात्रियों को समय और आर्थिक परेशानियों से छुटकारा मिल जाएगा। इससे रोही, सुभाषनगर, कोइरौना, मऊरामशाला, केवटाही, रामकिशुनपुर-बसहीं, नवधन, ऊंज, रजमला समेत दर्जनों गांवों के लोगों को सहूलियत मिलने लगेगी और स्टेशन के राजस्व में भी बढ़ोत्तरी होगी। मो.अनीस, मो.रोशन, सुशील सिंह, लल्लन, मो.सत्तार, कृष्णमुरारी, रमेश कुमार, पवन, डॉ.सीएल यादव आदि ने मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी से उक्त ट्रेन के ठहराव की मांग की है।