ऊंज। हनुमान मंदिर सूफीनगर-गोधना पर सोमवार को हुई ग्रामीणों की बैठक में सड़कों को बचाने के लिए पहले नाला निर्माण की मांग की गई।
रविवार को डीघ विकास खंड के चंदापुर गांव में लगी किसान कुंभ चौपाल में मुख्य अतिथि रहे सांसद वीरेंद्र सिंह ने शीघ्र ही जंगीगंज स्टेशन मार्ग को बनवाने का आश्वासन दिया था। मो. इश्तियाक, मो. इरफान, डॉ. सीएल यादव, मुन्ना मोदनवाल, प्रदीप हलवाई ने कहा कि जब तक सड़कों को लंबी अवधि तक बरकरार रखने के लिए जल निकासी के रास्तों की व्यवस्था नहीं होगी, तब तक परेशानी का सामना करना पड़ेगा। बताया गया कि आठ साल पहले इस मार्ग के किनारे लाखों रुपये खर्च कर नाले का निर्माण तो शुरू कराया गया, लेकिन नाला पूर्ण नहीं होने से घरों से निकलने वाला गंदा और बारिश का पानी सड़क पर ही जमा रहता है। इससे आवागमन दुश्वार बना रहता है। नरेश पाल, छेदीलाल गुप्ता, मो. रोशन, मो. अनीस, गुड्डू हाशमी आदि ने सांसद का ध्यान आकृष्ट कराते हुए नाले का निर्माण पूरा कराने के बाद ही सड़क का निर्माण कराने की मांग की।