ज्ञानपुर। नौवीं और 11वीं का अंग्रिम पंजीकरण नामावली न देने पर माध्यमिक शिक्षा विभाग ने सख्त रवैया अपना लिया है। डीआईओएस अशोक कुमार ने जिले के 12 प्रधानाचार्यों को नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण मांगा है। 24 अक्टूबर तक जवाब न देने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने तीन अक्टूबर को पत्र जारी कर नौवीं और 11वीं के आनलाइन पंजीकरण की नामावली उपलब्ध कराने के लिए कहा था। उक्त आदेश के क्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय ने सभी प्रधानाचार्यों को पत्र जारी कर 22 अक्टूबर तक नामावली उपलब्ध कराने के लिए कहा। करीब 179 माध्यमिक और इंटर कॉलेजों में 12 विद्यालयों ने नामावली नहीं प्रस्तुत की। मामले को लापरवाही मानते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक ने 12 प्रधानाचायोर ़ं से स्पष्टीकरण मांगा। कहा कि 24 अक्टूबर तक नामावली और जवाब दें। चेतावनी दी कि निर्धारित तिथि पर नामावली न प्रस्तुत करने पर संस्था के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। विभाग की ओर से एचआडी इंटर कॉलेज चौरी, जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज गोपीगंज, लक्ष्मण प्रसाद इंटर कॉलेज करियांव, गौरव गर्ल्स इंटर कॉलेज भदोही, शृंगारी देवी बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अछवर, ओम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कंतापुर, निर्मला देवी इंटर कॉलेज कौलापुर, माधोसिंह पब्लिक इंटर कॉलेज माधोसिंह, सियाराम लालता प्रसाद इंटर कॉलेज वारी, केडी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चौबेपुर, शिवकरन मिश्र इंटर कॉलेज इटहरा, राजकिशोर पाठक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ज्ञानपुगर के प्रधानाचार्यों से स्पष्टीकरण मांगा गया।