भदोही। पतंजलि योग समिति की ओर से प.दीनदयाल उपाध्याय राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय रयां में बालकों के लिए योग शिविर का संचालन किया जा रहा है। शिविर के दूसरे दिन बच्चों के शारीरिक व मानसिक विकास के लिए कई महत्वपूर्ण आसनों व प्राणायाम की विधि व महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया। इस दौरान बच्चों से अभ्यास भी कराया गया। समिति के राज्य प्रभारी, संदेश योगी ने कहा कि हर अभिभावक व स्वयं बच्चों का सपना होता है की उनका मानसिक व शारीरिक विकास हो। ऐसा केवल सोचने से नही बल्कि कठिन परिश्रम से ही संभव है। मानसिक व शारीरिक विकास के लिए शिक्षा, खेल, आहार के साथ नियमित व्यायाम भी आवश्यक है जिससे बच्चे दूर हैं। शिविर में सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन, चक्रासन, हलासन, सर्वगांसन, धनुरासन आदि के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए उनके लाभ के बारे में भी बताया गया। बच्चों को लंबाई बढ़ाने वाले योगासन के बारे में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि नियमित प्राणायाम व आसन के सहारे बच्चे मानसिक रुप से स्वस्थ रह सकते हैं। इससे उनकी एकाग्रता में वृद्धि होती है। इसके अलावा मानसिक स्वास्थ्य, आईक्यू लेवल बढ़ाने के लिए बच्चों को नियमित मष्तिष्क अनुलोम विलोम, भ्रामरी, ध्यान का अभ्यास लाभदायक बताया गया। शिविर में प्रधानाचार्य मनोज पांडेय के अलावा पुनीत तिवारी, अंगद प्रसाद भी शामिल रहे।