ज्ञानपुर। शासन और प्रशासन की तमाम सख्ती के बाद भी कार्यालयों में कर्मचारी समय से नहीं पहुंच पा रहे हैं। पूर्व की हिदायतों के बाद भी लेटलतीफी का दौर चल ही रहा है। शुक्रवार को सीडीओ हरिशंकर सिंह के औचक निरीक्षण में डीपीआरओ कार्यालय के 12 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। उन्होंने सभी का एक दिन का वेतन काटने के साथ ही स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया। मुख्य विकास अधिकारी हरिशंकर सिंह शुक्रवार सुबह 10 बजकर 20 मिनट पर अचानक जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय पहुंचे। कार्यालय में पहुंचे तो वहां के ज्यादातर पटल खाली थे। तैनात कर्मचारी एवं संविदा कर्मी पहुंचे ही नहीं थे। निरीक्षण के दौरान विभाग के कर्मचारी अजीत कुमार, विनोद कुमार गुप्ता, संदीप कुमार, राजीव कुमार श्रीवास्तव संग संविदा कर्मचारी वीरेंद्र प्रताप, असलम सिद्दीकी, रत्नेश श्रीवास्तव, रणधीर कुमार, गोपाल श्रीवास्तव, भरत राय मदन लाल अनुपस्थित रहे। सीडीओ ने कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई। डीपीआरओ से कहा कि कर्मचारियों के कार्यालय आने के समय पर ध्यान दें। उन्होंने अनुपस्थित कर्मचारियों का वेतन काटने के साथ तीन दिन में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। मुख्य विकास अधिकारी की इस कार्रवाई से विकास भवन के अन्य कार्यालयों में भी खलबली मची रही।