ज्ञानपुर। औराई के भाजपा विधायक दीनानाथ भाष्कर, जिलाध्यक्ष हौसिला पाठक और जिलामंत्री राजेंद्र दुबे के खिलाफ सोमवार को जिलेभर में हुए पोस्टर वार ने राजधानी लखनऊ तक खलबली मचा दी है। शीर्ष नेतृत्व ने प्रकरण को संज्ञान में ले लिया है। पार्टी मामले की गोपनीय जांच करा रही है। अध्यक्ष ने कहा कि जांच पूरी होने पर संबंधित लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। सोमवार को अल सुबह जिले के प्रमुख नगरों संग छोटे बाजारों में तीनों नेताओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी वाले पोस्टर ने जिले की सियासत को गर्म कर दिया है। पक्ष से लेकर विपक्ष तक के लोग इसको लेकर दिनभर चर्चा करते नजर आए। आम जनता इसे जहां भाजपा का अंतर्कलह बता रही है, वहीं भाजपाजनों को सफाई देते नहीं बन रहा है। हिमाचल और गुजरात की जीत भी इस मामले के चलते जिले में फीकी दिखी। एक विधायक, जिलाध्यक्ष और जिला मंत्री के नामों पर आपत्तिजनक टिप्पणी भरे पोस्टर वार का मामला राजधानी तक पहुंच गया है। प्रदेश अध्यक्ष, काशी प्रांत अध्यक्ष के अलावा सीएम योगी के संज्ञान में आ चुका है। पार्टी सूत्रों की मानें तो पोस्टर वार के पीछे भाजपा के एक बड़े प्रांतीय नेता, एक पूर्व प्रत्याशी संग औराई के एक बड़े उद्योगपति का नाम सामने आ रहा है। जिलाध्यक्ष हौसिला पाठक ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व को मामले से अवगत कराया गया है। पार्टी की ओर से गोपनीय जांच कराई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।