ज्ञानपुर। उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित परीक्षा में चयनित 77 लेखपालों को बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रमाण पत्र का वितरण किया गया। सांसद डॉ. विनोद कुमार बिन्द के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरूद्ध त्रिपाठी और जिलाधिकारी विशाल सिंह ने सभी 77 नवनियुक्त लेखपालों को नियुक्ति प्रमाण पत्र सौंपा।
नियुक्ति पत्र मिलते ही लेखपालों के चेहरे खिल उठे। सांसद ने कहा कि माननीय सीएम व पीएम के मिशन रोजगार के तहत निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के तहत प्रतियोगियों का चयन किया जा रहा है। उन्होंने सभी नवनियुक्त लेखपालों ईमानदारी से कार्य करने की नसीहत दी। जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरूद्ध त्रिपाठी ने कहा कि जनपद में अधिकतर विवाद जमीन बंटवारा, खेत मेढ़बंदी, भूमि सीमांकन आदि के होते है जिसका आप द्वारा स्थलीय निरीक्षण कर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जायेगा।
जिलाधिकारी विशाल सिंह ने कहा कि राजस्व से सम्बन्धित विभिन्न स्थलीय व जमीनी व मुद्दों का आप द्वारा स्थलीय अवलोकन कर तत्कालिक रिपोर्ट लगाया जाता है। इसलिए आप अपना काम पूरी सिद्दत व ईमानदारी से करें। मौके पर एडीएम कुंवर वीरेन्द्र मौर्य, एडीएम न्यायिक शिवनारायण सिंह, एसडीएम भानसिंह, अरूण गिरि, बरखा सिंह, विकास यादव, डॉ. पंकज कुमार समेत अन्य रहे।