ज्ञानपुर। गोपीगंज पुलिस ने 744 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब को जब्त कर कंटेनर मालिक समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली क्षेत्र के छतमी गांव के पास हाईवे पर छह अगस्त को कंटेनर और ट्रेलर में आमने-सामने टक्कर हो गई थी। टक्कर जबरदस्त होने के कारण कंटेनर चालक रामजी सिंह निवासी बिहार की मौत हो गई। पुलिस से पहले पहुंची भीड़ ने जब कंटेनर को खोल देखा तो अंग्रेजी शराब की पेटियां लदी थी। पुलिस ने मौके पर आकर शराब तस्करों की खोजबीन की लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। अंग्रेजी शराब से भरे कंटेनर को कब्जे में लेकर पुलिस ने जांच शुरु कर दी। कंटेनर चालक की मौत होने के बाद से चल रही जांच बृहस्पतिवार को पूरी हो सकी। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती ने बताया कि उक्त कंटेनर से तस्कर अंग्रेजी शराब को चंडीगढ़ से बिहार ले जा रहे थे। मामले में कंटेनर मालिक समेत दो लोगों के खिलाफ आबकारी अधिकारी एके शुक्ला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर 744 पेटी अंग्रेजी शराब को जब्त भी कर लिया गया है।