ज्ञानपुर। विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण रविवार को तीसरे दिन भी चला। सख्त चेतावनी के बाद भी दोनों पालियों में 17 कार्मिक अनुपस्थित रहे। सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की संस्तुति की गई। तीसरे दिन 502 कार्मिकों ने बूथों पर मतदान के लिए ईडीसी लिया जबकि एक वोट पोस्टल बैलेट से डाला गया। 12 मई को छठवें चरण में होने वाले मतदान के लिए मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जीआईसी में प्रशिक्षण के तीसरे दिन प्रशिक्षक जयकेश त्रिपाठी ने सीयू, ईवीएम समेत बूथों पर होने वाली समस्याओं के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि चुनाव ड्यूटी में लगने वाले 502 कार्मिकों ने बूथ पर वोट डालने के लिए ईडीसी लिया जबकि एक वोट पोस्टल बैलेट से डाला गया। रविवार को आयोजित प्रशिक्षण की पहली पाली में अजय कुमार, लल्लन यादव, संगीता देवी, राजकुमार, राधिका देवी, सुनील कुमार और सत्य प्रकाश पाल अनुपस्थित रहे जबकि दूसरी पाली में पन्नालाल, मधु श्रीवास्तव, विभाष कुमार, मनु सिंह, दिलीप कुमार, नीतू सिंह, मो. इस्माइल, पुष्पा देवी और शालिनी अनुपस्थित रहीं। सभी के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की संस्तुति की गई। सोमवार को चार दिवसीय प्रशिक्षण का समापन हो जाएगा।