ज्ञानपुर। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से नगर से सटे भुड़की और भिदिउरा गांव के किसानों की फसल बर्बाद हो रही है। नाला जाम होने से उसका दूषित पानी फसलों में बह रहा है। जिससे उनकी फसल नष्ट हो रही है। इसको लेकर किसानों में विभाग के खिलाफ भारी रोष है। ज्ञानपुर और पुरानी बाजार का गंदा पानी नाले के रास्ते भिदीउरा और भुड़की के बार्डर के पास राजवाहा नहर में मिलाया गया है। बीच में नाला जाम होने से उसका गंदा पानी किसानों के खेत में बह रहा है। किसान लालजी यादव, बैजनाथ, राजकुमार, चिंतामणि, चंदु, छेछीलाल ने बताया कि दूषित पानी से उनकी फसल 50 फीसदी से अधिक खराब हो चुकी है। इसके लिए कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक नाला साफ नहीं कराया गया। जिससे आस-पास के सभी खेतो तक नाले का पानी भर रहा है। कहा अगर जल्द नाले को साफ नहीं कराया गया तो विभाग के खिलाफ सभी किसान एकजुट होकर प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगें।