जंगीगंज। सीए वीके तिवारी ने कहा कि यह अब तक का सबसे अच्छा बजट है। सभी वर्गों के लिए बड़ी राहत की व्यवस्था इस बजट में की गई है। इनकम टैक्स के लिए तीन स्लैब बनाई गई हैं। पहली स्लैब में पांच लाख तक की सालाना आय पर कोई टैक्स नहीं लगेगा। यह मध्यम वर्ग और नौकरी पेशा लोगों को राहत देने वाला कदम होगा। दूसरी स्लैब यानी 5-10 लाख रुपये पर 20 प्रतिशत टैक्स चुकाना होगा। तीसरे स्लैब में 10 लाख रुपये से अधिक आय पर 30 फीसदी टैक्स देय होगा। निवेश के साथ 6.5 लाख रुपये की आमदनी पर टैक्स नहीं होगा। पहले पांच लाख रुपये की आमदनी पर 13 हजार रुपये टैक्स देना पड़ता था, जो अब शून्य हो गया। 7.5 लाख रुपये तक की आमदनी पर पहले 65 हजार रुपये टैक्स चुकाना पड़ता था, जो अब घटकर 49,920 रुपये हो गया है। 10 लाख रुपये की आमदनी पर 1.17 लाख रुपये इनकम टैक्स के रूप में वसूले जाते थे, जो अब घटकर 99,840 रुपये हो गए हैं। ठीक इसी तरह 20 लाख रुपये की आमदनी पर पहले 4.29 लाख रुपये इनकम टैक्स देना होता था, जो अब 4.02 लाख रुपये होगा। करदाताओं के लिए यह अब तक की सबसे बड़ी इनकम टैक्स छूट होगी। 40 हजार रुपये तक के ब्याज पर टैक्स नहीं लगेगा।