ज्ञानपुर। उड़ीसा के जेवियर विश्वविद्यालय के एमबीए ग्रामीण प्रबंधन के चार छात्रों का दल जिले के ग्रामीण परिवेश का अध्ययन करेगा। सामाजिक संस्था फार्फ के निर्देशन में छात्रों का यह दल 45 दिनों तक सुरियावां ब्लॉक के महुआपुर और मलेपुर में प्रवास कर ग्रामीण जीवन के विभिन्न आयामों पर सर्वे कर रिपोर्ट तैयार करेगा। बृहस्पतिवार को संस्था प्रमुख ऋषिराज मिश्रा और सहप्रभारी अशोक मिश्रा ने जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद से मुलाकात कर इस संबंध में उन्हें जानकारी दी। जिलाधिकारी ने छात्र दल को बच्चों एवं महिलाओं के पोषण और ग्रामीण वित्तीय रसायन विषय पर रिपोर्ट तैयार करने को कहा। गौरतलब है कि जेवियर विश्वविद्यालय के पांच छात्रों का दल पिछले वर्ष भी जिले में आया था। तत्कालीन जिलाधिकारी विशाख जी ने छात्रों से मुलाकात कर उन्हें ओडीएफ, मनरेगा, कालीन उद्योग आदि मसलों पर शोध कर रिपोर्ट तैयार करने को कहा था।