औराई। क्राइम ब्रांच और औराई पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात उगापुर नहर के पास हरियाणा से तस्करी कर बिहार जा रही 675 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब को ट्रक सहित बरामद किया। हालांकि तस्कर पुलिस को चकमा भाग निकले। पुलिस ने 60 लाख की शराब और 15 लाख की ट्रक की बरामदगी दर्शायी है। औराई कोतवाली में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने पत्रकार वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि जिले के अलग-अलग मार्गों से हो रही अवैध शराब तस्करी को रोकने के िलए टीमें गठित की गईं थीं। बृहस्पतिवार की रात चेकिंग के दौरान उगापुर नहर पुलिया के पास क्राइम ब्रांच और थाना औराई की टीम ने रात नौ बजे 10 चक्का ट्रक को आवश्यक अवरोध/बल प्रयोग करके रोकने का प्रयास किया। इसपर ट्रक चालक और एक अन्य व्यक्ति कूद कर भागने लगे। पुलिस ने उन्हें पकड़ना चाहा, लेकिन अंधेरे के कारण वे चकमा देने में कामयाब रहे। तलाशी में कई नामी गिरामी कंपनी की 675 पेटी (6020 लीटर) अवैध शराब और कागजात बरामद हुए जिसकी कीमत 60 लाख है। मामले में अमित कुमार निवासी काशीपुर, कुंडा उधमसिंह नगर उत्तराखंड और सुमित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश की जा रही है। एसपी ने बताया कि शराब हरियाणा से बिहार जा रही थी। तस्करी में प्रयुक्त ट्रक की कीमत 15 लाख है। उन्होंने टीम को 25 हजार इनाम देने की घोषणा की। टीम में नरेंद्र सिंह, तुफैल अहमद, नागेंद्र यादव, दीपक, सुनील कन्नौजिया, अकरम खां, जितेंद्र, अनुज आदि रहे।