जिले की पुलिस ने शनिवार को 67 लोगों के गुम हुए मोबाइल बरामद कर उन्हें उनके मालिकों को सौंपा। खोए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे। बरामद मोबाइल की कुल कीमत 12 लाख 39 हजार 500 रुपये है। एसपी अभिनव त्यागी ने बताया कि जनवरी 2026 से अब तक भदोही पुलिस कुल 981 गुमशुदा मोबाइल बरामद कर चुकी है। इनकी अनुमानित कीमत एक करोड़ 67 लाख 39 हजार 500 रुपये से अधिक है। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य तकनीकी माध्यमों से गुम मोबाइल बरामद कर उनके स्वामियों तक पहुंचाना है। मोबाइल गुम होने की शिकायत मिलने पर उसका आईएमईआई नंबर और अन्य विवरण सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज किए जाते हैं। इसके बाद तकनीकी विश्लेषण और पोर्टल से प्राप्त ट्रेसिबिलिटी डिटेल्स, सिम नंबर व लोकेशन के आधार पर मोबाइल बरामद किए जाते हैं।