ज्ञानपुर। जिले के सभी छह ब्लॉकों में शुक्रवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया। इसमें 67 जोड़ों ने सात फेरे लेकर एक दूजे संग रहने की कसम खाई तो एक जोड़े ने निकाह पढ़ा। विवाह को लेकर ब्लॉकों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने वर-वधू को उपहार दिया। 135 जोड़ो ने शादी के लिए आवेदन किया था, लेकिन 45 का आवेदन अपात्र होने से निरस्त हो गया जबकि खराब मौसम के कारण 20 से अधिक जोड़े नहीं पहुंच सके।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह को लेकर ज्ञानपुर, औराई, सुरियावां, भदोही और डीघ ब्लॉक परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। हल्की-हल्की बारिश होने के बाद भी विवाह समारोह को लेकर लोगों में उत्साह दिखा। ज्ञानपुर ब्लॉक सभागार में आचार्यों की देखरेख में नौ जोड़ों का विवाह कराया गया।
औराई ब्लॉक सभागार में औराई विधायक दीनानाथ भाष्कर, ब्लॉक प्रमुख विकास मिश्रा की मौजूदगी में 11 जोड़ों का विवाह हुआ। इसमें 10 जोड़ों ने सात फेरे लिए जबकि एक मुस्लिम जोड़े का निकाह पढ़ाया गया। इसी तरह भदोही, सुरियावां और डीघ ब्लॉक में कुल मिलाकर 68 जोडों की शादी कराई गई। डीघ में प्रभारी ब्लॉक प्रमुख मनोज मिश्रा ने वर वधू को आशीर्वाद दिया।
भदोही में छह, सुरियावां में दो, अभोली में नौ और डीघ ब्लॉक में 29 जोड़ों की शादी कराई गई। शादी के बाद वर-वधू को आशीर्वाद देने के साथ ही उपहार दिया गया। जिला समाज कल्याण अधिकारी मीना श्रीवास्तव ने बताया कि कुल 135 आवेदन आए थे। जिसमें 40 से अधिक अपात्र होने से निरस्त हुए। मौसम खराब होने से कुछ जोड़े नहीं पहुंच सके, जिनकी शादी अगली तिथि पर कराई जाएगी।