गोपीगंज। ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर लगी एटीवीएम मशीन न चलने से और जंगीगंज स्टेशन पर लगी थिंक लाइन ध्वस्त होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों को आसानी से टिकट नहीं मिल पा रहा है। बृहस्पतिवार को प्रयाग में चल रहे कुंभ में जाने वाले तमाम यात्रियों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा। कुंभ के चलते वाराणसी प्रयागराज रूट पर कई स्पेशल ट्रेनें संचालित हो रहीं है, जिससे इन दिनों स्टेशन पर भीड़ ज्यादा हो रही है। लेकिन रेलवे स्टेशन के संबंधित अधिकारियों की लापरवाही के चलते यात्रिओं को मायूस वापस लौटना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर पूछे जाने पर ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन अधीक्षक महानंद और जंगीगंज स्टेशन अधीक्षक शांतिस्वरूप ने बताया कि उक्त समस्या से वाराणसी मंडल को अवगत कराने के बावजूद वो इस तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं। हालांकि यात्रियों को पीसीटी टिकट के जरिए किसी तरह यात्रा कराई जा रही है।