घोसिया। औराई विकास खंड के सारीपुर गांव में बृहस्पतिवार को एक दिवसीय गोपाष्टमी गौ संवर्धन गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें किसानों को पशुपालन बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया। ग्राम प्रधान उत्तम कुमार दूबे ने अध्यक्षता की। उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह ने गाय का पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि देशी गाय पालने से किसानों को काफी फायदा होगा। दूध के साथ ही देशी खाद भी मिलेगी। उन्होंने बताया कि ढाई लीटर दूध देने वाले पशुओं को एक किलो अनाज देना जरूरी है। हरे चारे का महत्व, कृत्रिम गर्भाधान, टीकाकरण के बारे में जानकारी दी। कहा, बेहतर दूध उत्पादन पर नंद बाबा पुरस्कार दिया जाएगा। ब्लॉक स्तर पर 5100, जिला स्तर पर 21000, और राज्य स्तर पर 51000 रुपया और शील्ड देकर सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर दीना पांडेय, प्रजेश त्रिपाठी, पवन, रविकांत, परमानन्द वर्मा आदि रहे।