ज्ञानपुर। भदोही कोतवाली क्षेत्र के डोमनपुर चिवटहिया गांव निवासी कुछ लोगों ने मारपीट के मामले को लेकर शुक्रवार को एसपी ऑफिस के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पट्टीदारों ने धमकी देने के बाद घर में घुसकर मारपीट कर घायल कर दिया। धमकी की सूचना के साथ ही मारपीट की सूचना भी पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। गांव के राहुल कुमार सिंह पुत्र शंभूनाथ सिंह शुक्रवार को दोपहर में परिजनों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। इस दौरान आरोप लगाया कि पट्टीदारों ने जमीन की रंजिश में गत पांच मई को हमारे घर में घुसकर मारपीट की। इससे पूर्व मोबाइल पर धमकी दी थी कि पांच मई को आकर मारूंगा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। लिहाजा पांच मई को उन लोगों ने घर में घुसकर मारपीट की। इसके बाद आठ मई को मेरे पिता के ऊपर चाकू से हमला किया। प्रदर्शनकारियों ने जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई।