गोपीगंज। राजमार्ग के गिराई और कलिंजरा मोड़ पर हुए सड़क हादसे में महिला समेत चार लोग घायल हो गए। इलाहाबाद से तीर्थयात्रियों को लेकर वाराणसी जा रही एक कार ने बुधवार को भोर में जीटी रोड गिराई के पास खड़े ट्रक में टक्कर मार दी। इससे कार में सवार पश्चिम बंगाल के मेदनीपुर बगुनाबारी गांव निवासी लक्ष्मणदास (41), सेमसरी आचार्य (25), महामाया अचार्य (48) पत्नी शंकर आचार्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सरकारी एंबुलेंस से गोपीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को अन्य अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। दूसरी दुर्घटना ऊंज थानाक्षेत्र के कलिंजरा मोड के पास हुई। गोधना निवासी विजय बहादुर का पुत्र प्रिंस (16) दूध लेकर साइकिल से जा रहा था। सामने से आ रही मैजिक ने टक्कर मार दी। इससे वह घायल हो गया। घायल किशोर को इलाज के लिए गोपीगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे अन्य अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।