ज्ञानपुर। डीघ विकास खंड के कूड़ी खुर्द गांव में मंगलवार को स्व. पियारी देवी स्मारक क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र ने विधि विधान से टूर्नामेंट का आगाज किया। उन्होंने कहा कि जीवन में खेल का बहुत बड़ा योगदान होता है। इससे एक अच्छे खिलाड़ी के रूप में आप जिले का नाम रोशन करेंगे तो दूसरी तरफ शारीरिक रूप से भी मजबूत होंगे। उन्होंने कहा कि खेल ही ऐसा माध्यम है, जिससे समाज में जाति-धर्म और भेदभाव मिटाकर आपसी सौहार्द को बढ़ाता है। आयोजकों से विधायक ने कहा कि आप जमीन दें तो एक मिनी स्टेडियम बनवाएंगे। इसके पूर्व गांव के युवाओं ने बाइक जुलूस निकालकर ज्ञानपुर विधायक का स्वागत किया। मौके पर बुल्लारी शुक्ला, कमलाशंकर मिश्रा, आद्याधर दूबे, विष्णु सेठ, तीर्थराज तिवारी, रमेश यादव, राधेश्याम त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।