सुरियावां। वाराणसी-प्रतापगढ़ रेल रूट की दो यात्री ट्रेनों को फरवरी तक रद्द करने से व्यापारी मुखर हो गए हैं। व्यापारियों ने रविवार को बाजार में बैठक कर रेलवे विभाग के फैसले का विरोध जताया। व्यापारियों ने कहा कि एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव पहले से ही स्टेशन पर नहीं हो रहा है। यात्री ट्रेन से लोगों का आना-जाना होता है। ठंड का हवाला देकर रेलवे ने पैसेंजर और जनता एक्सप्रेस को रद्द कर दिया है। इससे व्यापारियों को आने वाले समय में काफी कठिनाई उठानी पड़ेगी। व्यापारियों ने कहा कि सुबह से लेकर दोपहर तीन बजे तक कोई ट्रेन लखनऊ आदि जाने के लिए नहीं है। इससे उनके सामने संकट उत्पन्न हो गया है। व्यापार मंडल के शेषधऱ गुप्ता, अवधेश कुमार वैश्य, नंदलाल गुप्ता, जटा शंकर मौर्य, अजय मोदनवाल, दादा दुबे, रामगरीब गुप्ता, जतन गुप्ता, रमेश उमर, नंदलाल वर्मा, मोहम्मद रउफ हाशमी, अश्विनी साहू, रवि, अशोक जालान, गिरजा शंकर, सुरेश, पिंटू विश्वकर्मा ने रेलवे के आला अधिकारियों और सांसद का ध्यान आकृष्ट कराते हुए वीपी पैसेंजर को चालू कराने की मांग की। चेतावनी दी कि रेलवे विभाग जल्द कोई निर्णय नहीं लेगा तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।