ज्ञानपुर। दुर्गागंज- ज्ञानपुर मार्ग की मरम्मत कराने की मांग को लेकर सशक्त समाजवादी पार्टी के क्रमिक अनशन को मंगलवार को कांग्रेस ने अपना समर्थन दिया। धरनास्थल पर पहुंचकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. नीलम मिश्रा ने उनके संघर्ष की सराहना की। अब तक सशक्त समाजवादी पार्टी के अनशन को आधा दर्जन से ज्यादा छोटी-बड़ी पार्टियों का समर्थन मिल चुका है। ज्ञानपुर दुर्गागंज मार्ग की मरम्मत को लेकर दो अक्तूबर से सशक्त समाजवादी पार्टी का नागमलपुर में धरना प्रदर्शन चल रहा है। बेमियादी धरना प्रदर्शन के 64वें दिन भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। 29 नवंबर को सांसद वीरेंद्र मस्त निर्माण कार्य शुभारंभ के लिए भूमि पूजन कराया था। जिसके छह दिन बाद मरम्मत का काम शुरू नहीं हुआ। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बैजनाथ यादव ने कहा कि निर्माण कार्य का टेंडर होने के बावजूद काम शुरू नहीं हो रहा है। जब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होगा उनका बेमियादी धरना जारी रहेगा। इस मौके पर कृपाशंकर दूबे, रामराज पाठक, मालती देवी, श्याम बहादुर शुक्ला, रामचंद्र यादव आदि रहे।