सुरियावां। सबकुछ ठीक-ठाक रहा तो जल्द ही सुरियावां, ज्ञानपुर होते हुए विंध्याचल के लिए सरकारी रोडवेज बस चलने लगेगी। बुधवार को आरएम इलाहाबाद और मिर्जापुर एआरएम के निर्देश पर रोडवेज निरीक्षक ने सुरियावां नगर का निरीक्षण किया। इस दौरान सवारी की स्थिति और बस के ठहराव का आकलन किया गया। अधिकारियों ने लोगों को आश्वस्त किया कि बाजार से जल्द ही रोडवेज चलाई जाएगी। कभी वाराणसी का हिस्सा रहे भदोही को अलग जनपद बने करीब दो दशक से अधिक समय गुजर गया, लेकिन रोडवेज बसों की सेवा को लेकर जिले को लाभ नहीं मिल सका। बसपा और सपा सरकारों में कई बार ज्ञानपुर रोडवेज से बसें चलाई गई लेकिन चंद दिनों में ही परिचालन ठप हो गया। पखवारे भर पूर्व जनता दल यू के प्रदेश महासचिव लोलारख उपाध्याय ने परिवहन विभाग के एमडी पी गुरु प्रसाद से मिलकर अभियां, सुरियावां से ज्ञानपुर होते हुए विंध्याचल तक रोडवेज बस चलाने की मांग की थी। बुधवार को आरएम इलाहाबाद डॉ. हरिश्चंद्र दुबे और मिर्जापुर एआरएम सीबी राम के निर्देश पर यातायात निरीक्षक सूर्य बहादुर सिंह ने मिर्जापुर, चील्ह, गोपीगंज, ज्ञानपुर, पाली, महजूदा, सुरियावां अभिया तक की सड़क का निरीक्षण किया। साथ ही नागरिकों से मिलकर सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। परिवहन निरीक्षक ने कहा कि अभियां, सुरियावां, ज्ञानपुर, गोपीगंज होकर अगर विंध्याचल के लिए बस चलेगी तो सरकार की आय बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि वह बस संचालन के लिए रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को देंगे। सबकुछ ठीक रहा तो नए साल में लोगों को सरकारी बस से विंध्याचल जाने का मौका मिलेगा। इस मौके पर धर्मराज, दिनेश पाल, सुरेंद्र आदि रहे।