ज्ञानपुर। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के फेज-4 में नए वित्तीय वर्ष में आठ करोड़ से 50 ग्रामीण सड़कें बनाई जाएंगी। जिला पंचायत ने इसका अनुमोदन कर दिया है। विभाग की ओर से एस्टीमेट बनाकर जल्द ही इसके निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इससे जर्जर एवं बदहाल ग्रामीण सड़क बेहतर हो जाएंगी। गांव में आवागमन सुगम होगा। जिले की 546 ग्राम पंचायतों और सात नगर निकायों में करीब 2500 किलोमीटर सड़कों का जाल फैला है। लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, जिला पंचायत, नगर पंचायत और मंडी समिति आदि एजेंसियां सड़कों की देखरेख करती हैं। इनमें सभी निर्माण कार्यों का नोडल लोक निर्माण विभाग होता है। मुख्य सड़कों पर हर साल ध्यान दिया जाता है लेकिन ग्रामीण क्षेत्र की सड़कें खराब ही रह जाती हैं। जनप्रतिनिधियों के प्रस्ताव पर ऐसी सड़कें चिह्नित करके प्रस्तावित की जाती हैं। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की ओर से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के फेज-4 में 50 ग्रामीण सड़कें चिह्नित की गई हैं। बीते दिनों जिला पंचायत की बैठक में इसका अनुमोदन कर दिया गया। इससे उक्त सड़कों के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। यह सड़कें 500 मीटर से लेकर दो किलोमीटर तक लंबी है। दो लाख से लेकर 10 लाख की लागत से इन सड़कों को बनाया जाएगा। अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण प्रज्ञा परमिता ने बताया कि 50 सड़कें चिह्नित की गई है। जिला पंचायत से इसका अनुमोदन हो गया है। एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है। करीब आठ करोड़ की लागत आएगी।
इन प्रमुख सड़कों की होगी मरम्मत
कोइलरा पिच रोड से गोंड बस्ती
जगन्नाथपुर मुलापुर रोड से सरोज बस्ती मार्ग
अलमऊ बिंद बस्ती से मेन रोड
पानी की टंकी से बिछियां बिंद बस्ती
पिच रोड से टेड़ी पाल बस्ती
पिच रोड से गुलौरी यादव बस्ती
दरवांसी तालाब से रामकिशुनपुर बसही दलित बस्ती
जीटी रोड से किशुनदेवपुर बिंद बस्ती
श्रीकांतपुर पिच रोड से सोबरी इंटरलाकिंग
जंगीगंज-धनतुलसी रोड से इटहरा पाल बस्ती
नोट : इसके अलावा अन्य 40 सड़कों की मरम्मत होगी।