ज्ञानपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतदाता सूची का सत्यापन पूरा होने के बाद प्रशासन ने अनंतिम सूची जारी कर दी है। सूची के मुताबिक जिले में 41 हजार 904 मतदाता बढ़ गए हैं। अब कुल मतदाताओं की संख्या 11.55 लाख हो गई है, जबकि 2021 के चुनाव में 11 लाख 14 हजार वोटर थे। 24 से 30 दिसंबर तक मतदाताओं से आपत्तियां मांगी गई हैं। एक जनवरी 2026 को 18 वर्ष आयु पूरी करने वाले युवा मतदाता बनने के लिए आवेदन कर सकते हैं। जिले में कुल 546 ग्राम पंचायतें, 26 जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र, 835 क्षेत्र पंचायत के साथ करीब नौ हजार ग्राम पंचायत सदस्यों के चुनाव होने हैं। मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य चल रहा है। पूर्व में करीब दो लाख 34 हजार डुप्लीकेट वोटर पकड़े गए थे, जिसके बाद प्रशासन ने 1272 बीएलओ लगाकर मतदाता सूची का सत्यापन किया। इसमें जिन लोगों के नाम दो से तीन स्थानों पर थे, उन्हें हटाया गया। सत्यापन पूरा होने पर अनंतिम सूची जारी कर दी गई। इसमें कुल एक लाख 61 हजार 939 नए नाम जोड़े गए, जबकि एक लाख 21 हजार 35 मतदाताओं का नाम अपात्र, मृतक होने के कारण हटाए गए। इससे 41 हजार 904 नए वोटर बढ़ गए हैं। 2021 में जहां 11 लाख 14 हजार 20 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया था, वहीं अब 11 लाख 55 हजार 924 वोटर चुनाव में मतदान करेंगे। सत्यापन में जिनका नाम कट गया है, अगर वह पात्र हैं तो वे 30 दिसंबर तक आपत्ति कर सकते हैं। इसका निस्तारण 31 दिसंबर से छह जनवरी 2026 तक किया जाएगा। 30 जनवरी से पांच फरवरी 2026 तक मतदाता सूची की मैपिंग, मतदान केंद्र स्थल का निर्धारण किया जाएगा और अंतिम प्रकाशन छह फरवरी 2026 को किया जाएगा। सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानीय डीएस शुक्ला ने बताया कि सभी बीएलओ अनंतिम मतदाता सूची के साथ मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे। वे 24 दिसंबर से 30 दिसंबर तक मतदाता सूची का निरीक्षण कराएंगे। इसी अवधि में एक जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले और किन्हीं कारणों छूटे हुए पात्र व्यक्तियों के दावे और आवेदन पत्र, प्रपत्र-2 में स्वीकार करेंगे। इसके बाद वह नाम शामिल किया जाएगा। किसी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित हो जाने या त्रुटिपूर्ण होने पर आपत्ति प्रपत्र-4 में प्राप्त कर हटाया जाएगा। इसी तरह सभी दावे और आपत्तियों का विवरण प्रपत्र-05 में तैयार किया जाएगा।